दो दिनों में दो चोरी से पौआखाली बाजार में दहशत, पंसारी दुकान से हजारों का सामान चोरी
किशनगंज, 27 जून (हि.स.)। जिले में ठाकुरगंज प्रखंड के पौआखाली थाना क्षेत्र स्थित नगर बाजार में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। महज दो दिनों के भीतर दो दुकानों को चोरों ने निशाना बनाया है, जिससे बाजार के दुकानदारों में दहशत का माहौल है।
व्यापारियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर शीघ्र अंकुश लगाने की मांग की है। जानकारी के अनुसार, बीती रात चोरों ने बाजार स्थित एक पंसारी दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दुकान संचालिका कामिनी देवी ने बताया कि चोर दुकान से हजारों रुपये मूल्य का सामान लेकर फरार हो गए। सुबह दुकान खोलने पर घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद आसपास के दुकानदारों की भीड़ जुट गई।
इससे एक दिन पहले भी नगर बाजार स्थित सितारे किराना दुकान में चोरी की घटना हुई थी। चोरों ने दुकान के तीन ताले तोड़ने के साथ लोहे की जंजीर काटकर अंदर प्रवेश किया और गल्ले में रखी 15 हजार रुपये से अधिक की नकदी लेकर फरार हो गए। दुकान में मौजूद मो. दुलारे ने बताया कि नकदी की चोरी हुई, जबकि दुकान में रखे अन्य सामान सुरक्षित रहे। लगातार दो दिनों में हुई चोरी की घटनाओं से बाजार के व्यवसायियों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।
व्यापारियों का कहना है कि रात के समय पुलिस गश्त पर्याप्त नहीं होने के कारण चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से बाजार क्षेत्र में नियमित गश्ती बढ़ाने, सीसीटीवी निगरानी को मजबूत करने तथा चोरी की घटनाओं में शामिल अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। घटना की सूचना मिलने पर पौआखाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह