मंदिर में चोरी, दानपेटी तोड़ नगदी और पीतल के बर्तन ले उड़े चोर
भागलपुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। जिले के बाइपास थाना क्षेत्र के बैजानी गांव स्थित हनुमान मंदिर और मां काली मंदिर को बीती रात अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया।
चोरों ने मंदिर में पूजा-पाठ में उपयोग होने वाले कासा-पीतल के बर्तनों के साथ दानपेटी का ताला तोड़कर नगदी रकम पर हाथ साफ कर दिया। वहीं मां काली मंदिर के भंडार कक्ष का गेट भी तोड़ दिया गया और वहां लगी मोटर को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। सुबह जब ग्रामीण पूजा के लिए मंदिर पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। इसके बाद तत्काल बाईपास थाने को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष सुमन कुमार राय, एएसआई उमेश शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि इस वारदात के पीछे सामान्य चोरों की बजाय नशे के आदी, खासकर ब्राउन शुगर का सेवन करने वाले युवकों का हाथ हो सकता है।
उन्होंने पुलिस से इलाके में गश्ती बढ़ाने और ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। थाना अध्यक्ष सुमन कुमार राय ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि मामले में शामिल आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि गांव में कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे या नशा करने वालों की गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर