मां काली की प्रतिमा और सोने-चांदी के आभूषण ले उड़े चोर, सीसीटीवी में कैद वारदात
भागलपुर, 26 जुलाई (हि.स.)।
जिले के मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र स्थित सिकंदरपुर के प्रसिद्ध गणेश्वर धाम मंदिर में शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया।
चोर मंदिर से मां काली की प्रतिमा के साथ-साथ उन पर चढ़े सोने-चांदी के कीमती आभूषण भी चोरी कर ले गए। यह पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
मंदिर के पुजारी और स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, यह घटना रात के करीब 1:30 बजे की है। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कुछ उपद्रवी ई-रिक्शा से मंदिर परिसर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने मां काली की प्रतिमा को उठाया और ई-रिक्शा पर लादकर फरार हो गए।
प्रतिमा पर श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए सोने और चांदी के कई बहुमूल्य आभूषण भी लगे थे, जिन्हें चोर अपने साथ ले गए। स्थानीय लोगों और मंदिर के पुजारी का कहना है कि मंदिर की जमीन को लेकर पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा है।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि इसी जमीन विवाद के कारण कुछ विरोधी तत्वों ने अज्ञात बदमाशों के साथ मिलकर इस निंदनीय घटना को अंजाम दिया है। हालांकि, पुलिस की ओर से इस जमीन विवाद वाले एंगल की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घटना के बाद जब गांव की महिलाएं प्रतिमा की तलाश में बाहर निकलीं, तो उन्हें अलग-अलग स्थानों पर मां काली की प्रतिमा के टूटे हुए हिस्से, उंगली और उनके अस्त्र-शस्त्र बिखरे मिले।
महिलाएं इन पवित्र अवशेषों को वापस मंदिर लेकर आईं और सुरक्षित रख दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि जमीन का विवाद अपनी जगह है, लेकिन धार्मिक आस्था के केंद्र और भगवान की प्रतिमा के साथ ऐसी हरकत बेहद दुखद और निंदनीय है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए, चोरी हुए आभूषण बरामद किए जाएं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर