गोदाम का ताला तोड़ दरवाजा काटकर लाखों की संपत्ति की चोरी

 


अररिया 25 फरवरी(हि.स.)।

शहर के व्यस्ततम इलाके अस्पताल रोड स्थित काली मेला मोड़ के समीप मेसर्स गंगा प्रसाद एंड संस के गोदाम में अज्ञात चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने पहले गोदाम का ताला तोड़ा और फिर लोहे का दरवाजा काटकर अंदर प्रवेश किया, जिसके बाद लाखों रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गए।

घटना की जानकारी सोमवार सुबह उस समय हुई जब गोदाम खोला गया। दरवाजा कटा हुआ देख व्यवसायी और आसपास के लोग सन्न रह गए। अंदर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और कई कीमती मोटर एवं लोहे के एंगल गायब थे।

गोदाम के प्रोपराइटर चंदन भगत ने बताया कि चोर कुल पांच मोटर चुरा ले गए हैं। उन्होंने बताया कि चोरी गई मोटरों में एक मोटर की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है। इसके अलावा लगभग दो लाख रुपये मूल्य का लोहे का एंगल भी गायब है। प्रथम दृष्टया कुल 8 से 10 लाख रुपये की संपत्ति की चोरी का अनुमान लगाया जा रहा है।

चंदन भगत ने बताया कि गोदाम पूरी तरह बंद था और रात में कोई असामान्य गतिविधि की जानकारी नहीं मिली। आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने पहले रेकी की और फिर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।

इधर घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। अनि लक्ष्मण राम पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की बारीकी से जांच की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा संभावित साक्ष्य जुटाए। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है। व्यवसायियों ने रात्रि गश्ती तेज करने और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर