शेरमारी बाजार में दिनदहाड़े कपड़ा दुकान से एक लाख की चोरी, वीडियो कॉल पर ध्यान भटकते ही काउंटर साफ

 


भागलपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र के व्यस्त शेरमारी बाजार में मंगलवार दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। एक शातिर चोर ने कपड़ा दुकानदार का ध्यान चंद मिनटों के लिए भटकाया और काउंटर में रखे नकद और जरूरी कागजातों से भरा पर्स लेकर रफूचक्कर हो गया।

पीड़ित दुकानदार के अनुसार, चोरी गई नकदी और सामान की कुल कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी जा रही है। घटना के संबंध में शेरमारी बाजार स्थित कपड़ा दुकान के प्रोपराइटर मुन्ना चौधरी ने बताया कि वह अपनी दुकान पर बैठे हुए थे। इसी दौरान उनके मोबाइल फोन पर एक वीडियो कॉल आया। वह कॉल पर बात करते हुए दुकान के अंदरूनी हिस्से में अपनी पत्नी को फोन देने चले गए।

दुकानदार को व्यस्त देख पहले से ताक में बैठा एक अज्ञात चोर दुकान के अंदर दाखिल हुआ। उसने फुर्ती से काउंटर खोला और उसमें रखी भारी नकदी समेत मुन्ना चौधरी का निजी पर्स समेटकर चंपत हो गया। जब दुकानदार अंदर से वापस लौटे तो खुला हुआ काउंटर देख उनके होश उड़ गए। जांच करने पर काउंटर से नकद और पर्स गायब मिला। पर्स में नकदी के अलावा कई अत्यंत महत्वपूर्ण दस्तावेज भी रखे हुए थे।

घटना के तुरंत बाद मुन्ना चौधरी ने आसपास के दुकानदारों के साथ मिलकर आरोपी को काफी तलाश किया, लेकिन बाजार की भीड़ का फायदा उठाकर वह भागने में सफल रहा। पीड़ित ने स्थानीय थाने को मामले की सूचना देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को दी गई शिकायत में उन्होंने बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर चोर की पहचान करने और सामान बरामद करने की गुहार लगाई है। दिनदहाड़े व्यस्त बाजार में हुई इस वारदात से स्थानीय व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस से बाजार में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर