घर से 30 भर चांदी और नगदी की चोरी, ग्रामीणों में दहशत, खिड़की के रास्ते घुसे चोर
भागलपुर, 17 अगस्त (हि.स.)। जिले के कजरेली थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलसीरा गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया।
चोरों ने घर से करीब 30 भर चांदी के जेवरात, दो हजार रुपये नगद और अन्य कीमती सामान चुरा लिए। इस चोरी की वारदात के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार ने घटना की लिखित शिकायत स्थानीय पुलिस को दे दी है।
बताया जा रहा है कि रविवार की रात घर का बिजली रिचार्ज खत्म हो जाने के कारण पूरे मकान में अंधेरा था। भीषण गर्मी और बिजली न होने की वजह से गृहस्वामी टुशो देवी और परिवार के अन्य सदस्य सोने के लिए छत पर चले गए थे। वहीं, घर के आंगन में गृहस्वामी की वृद्ध सास सो रही थीं। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर की रेकी की और पीछे की खिड़की के रास्ते मकान के भीतर दाखिल हो गए।
गृहस्वामी टुशो देवी ने बताया कि सुबह जब परिवार के लोग छत से नीचे उतरे, तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और कीमती सामान गायब था।
चोरों ने कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब 30 भर चांदी के आभूषण और दो हजार रुपये नगद निकाल लिए। इसके अलावा चोर घर में रखा अन्य कीमती सामान भी अपने साथ समेट ले गए। चोरी की भनक लगते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजन ने तुरंत कजरेली थाना पुलिस को मामले की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। फिलहाल अज्ञात चोरों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्धों पर नजर रख रही है।
इधर, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय पुलिस गश्त (पेट्रोलिंग) बढ़ाने और कजरेली क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर जल्द से जल्द रोक लगाने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर