चोरी कांड के आरोप में तीन गिरफ्तार, 97 हजार नगद समेत गैस सिलेंडर-मोटर बरामद

 

कटिहार, 23 अप्रैल (हि.स.)। सहायक थाना पुलिस ने सिटीकार्ट स्टोर में हुई चोरी का 9 दिन में खुलासा कर दिया है। एसी यूनिट का कॉपर तार और अन्य सामान चुराने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से 97,900 रुपये नगद, गैस सिलेंडर, मोटर और चोरी का तांबा-पाइप समेत 15 तरह का सामान बरामद किया है।

11 अप्रैल की रात हुई थी चोरी

मिरचाईबारी वार्ड-05 निवासी अमित कुमार शर्मा ने 12 अप्रैल को आवेदन दिया था कि 11-12 अप्रैल की रात अज्ञात चोरों ने उनके सिटीकार्ट स्टोर के आउटडोर एसी यूनिट का कॉपर तार व अन्य सामान चुरा लिया। शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।

एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम, नागो की निशानदेही पर धराए दो और

एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ कटिहार-01 के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम बनाई गई। तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना पर टीम ने पहले सूरज कुमार उर्फ नागो, उम्र 25 वर्ष, निवासी मिरचाईबारी को पकड़ा। उसकी निशानदेही पर शफीक, उम्र 41 वर्ष, निवासी शमशेरगंज और सुनील कुमार साह, उम्र 45 वर्ष, निवासी बुद्धचक को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

ये सामान हुआ बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से एसी का काला तांबा तार 7 पीस, तांबे के पाइप 14 पीस, पीतल जैसे पाइप 12 पीस, बिजली का तार 10 फीट, मोटा काला तार 30-40 फीट, 2 मोटर, कमर्शियल गैस सिलेंडर, घरेलू गैस सिलेंडर, बड़े तसले, कड़ाही, कठरा और 97,900 रुपये नगद बरामद किए हैं।

पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि चोरी का सामान कहां बेचा जाना था और गिरोह में और कौन-कौन शामिल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह