मंदिर में चोरी, छानबीन में जुटी पुलिस
भागलपुर, 28 मई (हि.स.)। जिले के बाइपास थाना क्षेत्र अंतर्गत फुलवरिया गांव स्थित शिव-पार्वती एवं हनुमान मंदिर में बीते देर रात चोरों ने चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया है। चोर मंदिर का ताला तोड़कर लाखों रुपये मूल्य के आभूषण और पूजा सामग्री लेकर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि गुरुवार सुबह मंदिर पहुंचने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। जब अंदर जाकर देखा गया तो मंदिर से चांदी के नाग, मुकुट, गदा, कंगन, काढ़ा, झांझ, चामर, शंख, घड़ीघंट समेत चांदी और पीतल के कई बर्तन गायब थे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये है। घटना की जानकारी मिलते ही बाईपास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी।
पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में छानबीन की। बाद में डीएसपी विधि-व्यवस्था नवनीत कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों से पूरी जानकारी लेते हुए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक को पूछताछ के लिए थाने ले गई। इस कार्रवाई का परिजन ने विरोध किया। परिजन का कहना था कि पूछताछ के लिए ले जाए गए युवक निर्दोष हैं। मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। स्थिति को देखते हुए आसपास के थानों की पुलिस और वज्र वाहन भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस प्रशासन ने लोगों को शांत कर स्थिति को नियंत्रित किया।
बायपास थानाध्यक्ष सुमन कुमार राय ने बताया कि मंदिर चोरी मामले की जांच की जा रही है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही मामले के खुलासा किया जाएगा। उधर मंदिर में चोरी की घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर