65वी एसएसबी ने तीन घायल को अठारह किलोमीटर पहाड पर पैदल चलकर पहुंचाया अस्पताल
पश्चिम चंपारण(बगहा),28मार्च(हि.स.)। 65 वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल के कार्यक्षेत्र अंतर्गत, प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी नवरात्रि के पावन अवसर पर सोमेश्वर धाम स्थित कालिका माता मंदिर में विगत 19 मार्च से पूजा एवं मेले का भव्य आयोजन किया गया, जो 27 मार्च 2026 को सकुशल संपन्न हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं की अपार आस्था देखने को मिली, जहाँ लगभग 87,922 श्रद्धालुओं ने दर्शन किया।
पूरे आयोजन के दौरान 65 वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल द्वारा सुरक्षा, सेवा एवं समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया गया। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु गोवर्धना, सीमा चौकी त्रिवेणी एवं सोमेश्वर में 03 पानी पॉइंट एवं 03 स्वास्थ्य शिविर स्थापित किए गये थे। स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से कुल 2,282 श्रद्धालुओं को प्राथमिक चिकित्सा सुविधा प्रदान की गई | मेला के दौरान 03 गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को लगभग 18 किलोमीटर तक स्ट्रेचर के माध्यम से सुरक्षित लाकर एम्बुलेंस द्वारा अस्पताल पहुँचाया गया।
सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए यात्रा मार्ग पर लगातार पेट्रोलिंग, भीड़ नियंत्रण एवं क्षेत्र प्रभुत्व के माध्यम से प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क निगरानी रखी गई। इसके अतिरिक्त, श्रद्धालुओं की सहायता के लिए सहायता केंद्र (Help Desk) स्थापित किया गया, जहाँ उन्हें आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। मानवता का परिचय देते हुए, मेला के दौरान 06 गुमशुदा व्यक्तियों को सुरक्षित खोजकर उनके परिजनों से मिलाया गया। 65 वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल का यह समर्पण, सेवा भाव एवं कर्तव्यनिष्ठा न केवल सुरक्षा, बल्कि समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी को भी दर्शाता है। हिन्दुस्थान समाचार/अरविंद नाथ तिवारी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी