संजीवनी सेवा वाहन ने वृद्ध, दिव्यांग व विधवा लाभुकों को योजनाओं के प्रति किया जागरूक

 


किशनगंज, 11 सितंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर बुनियाद केंद्र, किशनगंज के संजीवनी सेवा वाहन के माध्यम से शुक्रवार को वृद्धजनों, दिव्यांगजनों एवं विधवा लाभुकों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और बुनियाद केंद्र की सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के तहत प्रखंड किशनगंज की चकला पंचायत के फुलवारी, सिंघिया एवं लहरा चौक में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

संजीवनी सेवा वाहन के माध्यम से इन क्षेत्रों में पहुंचे कर्मियों ने आम लोगों को बुनियाद केंद्र के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सेवाओं की जानकारी दी। साथ ही सरकार द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं के बारे में लाभुकों को विस्तार से बताया गया।

इस दौरान वृद्धजनों, दिव्यांगजनों एवं विधवा लाभुकों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं से जुड़कर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान लाभुकों की समस्याओं और योजनाओं से संबंधित उनकी जिज्ञासाओं के बारे में भी जानकारी ली गई।अधिकारियों ने बताया कि संजीवनी सेवा वाहन के माध्यम से समाज के जरूरतमंद वर्ग तक पहुंचकर उन्हें सरकारी सेवाओं एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

इसका उद्देश्य ऐसे लाभुकों को उनके अधिकारों और उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक करना है, जो जानकारी के अभाव में योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रह जाते हैं। बुनियाद केंद्र के इस अभियान के माध्यम से वृद्धजनों, दिव्यांगजनों एवं विधवा लाभुकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने तथा उन्हें सामाजिक सुरक्षा का लाभ उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने पात्र लोगों से योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत लाभ लेने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह