माफिया और संगठित अपराधियों पर कसेगा शिकंजा, अवैध संपत्ति होगी जब्त
किशनगंज, 08 नवंबर (हि.स.)। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने अपराधियों, माफियाओं और भ्रष्ट पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। आयोजित अपराध गोष्ठी एवं पुलिस सभा में एसपी ने सभी थानाध्यक्षों, पुलिस निरीक्षकों और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को कई कड़े निर्देश दिए। उन्होंने शराब, लॉटरी, मानव तस्करी, पशु, ड्रग्स, बालू, भू-माफिया और इंट्री माफिया का हर हाल में सफाया करने तथा संगठित अपराधियों की अवैध संपत्ति जब्त करने के लिए बीएनएसएस की धारा 107 के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। एसपी ने सभी थानों में एएनटीएफ का नोडल पदाधिकारी नियुक्त करने को कहा। अवैध शराब या मादक पदार्थों की बड़े पैमाने पर बरामदगी अथवा खुलेआम बिक्री की सूचना मिलने पर संबंधित थानाध्यक्ष और चौकीदार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए जिले में गठित समर्पित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) को अभियान तेज करने और नशामुक्ति के लिए जनजागरूकता फैलाने का निर्देश दिया गया। महिला अपहरण और गुमशुदगी के दो माह से अधिक पुराने मामलों का अनुसंधान विशेष टीम एएचटीयू से कराने का निर्णय लिया गया। निर्धारित समय में बरामदगी नहीं होने पर संबंधित थानाध्यक्ष और अनुसंधानकर्ता पर कार्रवाई होगी। वहीं, थानाध्यक्ष बनने के इच्छुक पुलिस अवर निरीक्षक एवं निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को अब एसएचओ टेक्निकल एलिजिबिलिटी टेस्ट पास करना अनिवार्य होगा। बैठक में लंबित कांडों, गिरफ्तारी, मालखाना, गुंडा एवं दागी पंजी, ई-साक्ष्य ऐप, दर्पण पोर्टल और विभिन्न जनशिकायत पोर्टलों की समीक्षा की गई। दीपावली, कालीपूजा और छठ पर्व को लेकर विशेष सतर्कता, नियमित गश्ती, भूमि विवादों की निगरानी और निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। भ्रष्टाचार में संलिप्त पुलिसकर्मियों पर भी कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। बेहतर अनुसंधान और कांडों के निष्पादन के लिए दो थानाध्यक्षों एवं 43 अनुसंधानकर्ताओं को पुरस्कृत किया गया, जबकि 12 थानाध्यक्षों से स्पष्टीकरण मांगा गया। अपराधियों को सजा दिलाने में बेहतर कार्य के लिए विशेष लोक अभियोजक पॉक्सो मनीष कुमार साह को भी सम्मानित किया गया। पुलिस सभा में सिपाही से निरीक्षक स्तर तक के कर्मियों की समस्याएं सुनी गईं और उनके समाधान के निर्देश दिए गए। एसपी ने नागरिकों से मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना एएनटीएफ हेल्पलाइन नंबर 9031816150 पर देने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह