तारांकित प्रश्नों पर समय नहीं मिलने पर विधायक ने जताई कड़ी आपत्ति
सहरसा, 22 जुलाई (हि.स.)। बिहार विधानसभा में इंडियन इन्क्लूसिव पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सहरसा विधायक ई. आईपी गुप्ता ने धार्मिक न्यास से जुड़े प्रावधानों पर धर्मनिरपेक्षता और समानता का मुद्दा उठाते हुए सरकार को घेरा।
कहा कि धार्मिक न्यास कानून पर 'सिर्फ मंदिर क्यों? सभी को समान दर्जा मिले। दरअसल विधानसभा में धार्मिक न्यास के प्रावधानों पर अपनी बात रखते हुए विधायक ई. आईपी गुप्ता ने कहा कि कोई भी कानून या व्यवस्था देश के सभी नागरिकों और संस्थानों पर समान रूप से लागू होनी चाहिए।
उन्होंने मांग की कि यदि धार्मिक न्यास को लेकर कोई नया नियम या कानून बनाया जा रहा है, तो उसमें केवल मंदिरों को ही लक्षित न किया जाए। इस व्यवस्था के अंतर्गत मंदिर, मस्जिद, चर्च, गुरुद्वारा और अन्य सभी धार्मिक संस्थानों को समान रूप से शामिल किया जाना चाहिए ताकि सर्वधर्म समभाव की भावना का आदर हो सके।
विधायक आईपी गुप्ता ने अपने विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बनगांव स्थित कलावती हाई स्कूल के भवन से जुड़े मुद्दे को लेकर विधानसभा में आवाज उठाई और तत्काल समस्या के समाधान करने की मांग की।
विधायक ने शिक्षक बहाली को लेकर सरकार द्वारा दिए गए उत्तर पर भी विधायक आईपी गुप्ता ने प्रतिक्रिया दी।
विधायक ने कहा कि शिक्षक बहाली का यह संवेदनशील मुद्दा लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य और उम्मीदों से जुड़ा हुआ है। इसमें किसी भी स्तर पर होने वाली देरी युवाओं के साथ अन्याय होगा। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि वह सदन के भीतर और बाहर शिक्षक अभ्यर्थियों के अधिकारों की आवाज़ को पूरी मजबूती से बुलंद करते रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार