विधायक ने सदन में बगहा को राजस्व जिला बनाने की मांग की
पश्चिम चंपारण(बगहा),28फरवरी(हि.स.)।बिहार विधानसभा सत्र के दौरान बगहा के भाजपा विधायक राम सिंह ने सदन के पटल पर बगहा को राजस्व जिला घोषित करने की मांग को जोरदार ढंग से उठाया।
उन्होंने सरकार से इस संबंध में स्पष्ट जवाब देने की मांग करते हुए कहा कि बगहा की जनता वर्षों से इस न्यायोचित मांग को लेकर आवाज उठाती रही है।
विधायक ने कहा कि बगहा को राजस्व जिला का दर्जा मिलने से क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को नई गति मिलेगी। प्रशासनिक सुदृढ़ता बढ़ेगी और आमजन को विभिन्न सरकारी कार्यों के लिए दूर-दराज के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
उन्होंने बताया कि वर्तमान व्यवस्था के कारण स्थानीय लोगों को राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
सन् 1996 में बगहा पुलिस जिला बना था
जानकारी हो कि बगहा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बगहा को वर्ष 1996 में पुलिस जिला बनाया गया था,उस समय नरकटिया दोन में सात किसानों की हत्या के बाद तत्कालीन सरकार ने यह निर्णय लिया था।बगहा को अलग पुलिस जिला बनाने का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र (नेपाल सीमा) में बेहतर निगरानी और अपराध नियंत्रण करना था।आरके मल्लिक की बतौर एसपी बगहा में पदस्थापना हुई।
रामनगर पुलिस अनुमंडल बना
रामनगर को पुलिस अनुमंडल का दर्जा भी मिला। बगहा सहित तीन अनुमंडल, 18 प्रखंड तथा पांच नगर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले इस जिला में अकेले बगहा अनुमंडल के अधीन सात प्रखंड हैं, जबकि दो नगर परिषद क्रमश: बगहा और रामनगर हैं। 5228 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल के वर्तमान जिले में तकरीबन 2400 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल अकेले बगहा पुलिस जिले का है।
प्रखंडों की जिला मुख्यालय की दूरी 120 से घटकर 60 किमी रह जायेगी।
---------------------------------------------
राजस्व जिले का दर्जा मिलने के बाद गंडक पार के चार प्रखंडों से जिला मुख्यालय की दूरी 120 के बदले महज 60 किमी रह जायेगी। जबकि बगहा एक और दो प्रखंड के विभिन्न गांवों समेत रामनगर के लिए भी जिला मुख्यालय की दूरी 30 किलोमीटर रह जायेगी। भौगोलिक दृष्टिकोण से तीन भागों में बंटे इस पुलिस जिले का केंद्र बगहा हो जायेगा। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार बगहा पुलिस जिले की जनसंख्या 14 लाख के करीब है।
मुख्यमंत्री की घोषणा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वाल्मीकिनगर स्थित कन्वेंशन सेंटर के उद्घाटन के क्रम में यह घोषणा की थी कि अप्रैल 2025 तक बगहा को राजस्व जिले का दर्जा मिल जायेगा। जिसका इंतजार बगहा के लोगों को है।
हिन्दुस्थान समाचार/अरविंद नाथ तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी