शहर में विकास कार्यों का महापौर ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

 


सहरसा, 10 जुलाई (हि.स.)। नगर निगम की महापौर बैन प्रिया ने शहर के विभिन्न वार्डों का दौरा कर विकास कार्यों और जनसमस्याओं का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कार्यों में तेजी लाने और स्थानीय लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

महापौर ने वार्ड संख्या 36 के कृष्णा नगर स्थित सिद्धि प्रिया पथ पर बुडको द्वारा कराए जा रहे सड़क एवं नाला निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों से सुझाव भी लिए और निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

इसके बाद वार्ड संख्या 37 के बनगांव रोड स्थित मसोमात पोखर घाट पहुंचकर क्षतिग्रस्त सीढ़ियों की स्थिति का जायजा लिया।

स्थानीय लोगों से बातचीत के बाद नगर आयुक्त को पोखर के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

महापौर ने कहा कि नगर निगम की ओर से मसोमात पोखर को भव्य स्वरूप देने के लिए जल्द ही जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू कराया जाएगा।

महावीर चौक स्थित रुपवती कन्या उच्च विद्यालय के मुख्य द्वार के समीप बने यूरिनल का भी महापौर ने निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों और विद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को हो रही परेशानी को देखते हुए उन्होंने नगर आयुक्त को यूरिनल हटाने एवं समस्या का शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाएगा, ताकि नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार