महिलाओं के हक-अधिकार की आवाज बनेगा जीविका दीदी अधिकार केंद्र
किशनगंज, 06 अक्टूबर (हि.स.)। महिलाओं को उनके हक-अधिकार, न्याय और सरकारी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में किशनगंज सदर प्रखंड में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू हुई है।
मंगलवार को सदर प्रखंड कार्यालय परिसर में जीविका दीदी अधिकार केंद्र का शुभारंभ जिलाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। केंद्र का संचालन शगुन जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड, चकला द्वारा किया जाएगा।
उद्घाटन के दौरान डीएम नवीन कुमार ने कहा कि अधिकार केंद्र महिलाओं के हक, अधिकार, न्याय और पुनर्वास के लिए महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। केंद्र के माध्यम से लैंगिक भेदभाव, घरेलू हिंसा, लैंगिक समानता और सरकारी योजनाओं से जुड़ाव जैसे मामलों में जरूरतमंद महिलाओं को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
महिलाओं को मनोवैज्ञानिक, कानूनी, आश्रय, पुनर्वास और परामर्श संबंधी सहायता भी उपलब्ध होगी। डीएम ने कहा कि जीविका ने महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में उल्लेखनीय काम किया है। अब अधिकार केंद्र के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक और सशक्त बनाने की दिशा में नई पहल शुरू हुई है।
एसपी संतोष कुमार ने कहा कि हिंसा या अन्य प्रताड़ना से पीड़ित महिलाओं के लिए केंद्र पर अल्पकालीन पुनर्वास की व्यवस्था रहेगी। केंद्र पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय और पुनर्वास से जोड़ने में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होने से उनमें अपने हक-अधिकार के प्रति जागरूकता बढ़ी है। महिला थाना, महिला पुलिस और पुलिस दीदी जैसी पहल के बाद अधिकार केंद्र भी महिलाओं की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
केंद्र की समन्वयक दीदी इसका संचालन करेंगी, जबकि पंचायत और गांव स्तर पर सक्षमा दीदी जरूरतमंद महिलाओं को केंद्र से जोड़ेंगी। पुलिस, विधि, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा विभाग से समन्वय कर पीड़ित महिलाओं को आवश्यक सहायता दिलाई जाएगी।
केंद्र बाल विवाह, दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुप्रथाओं की रोकथाम तथा गरीब, वंचित और पीड़ित महिलाओं के सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण के लिए भी कार्य करेगा। मौके पर डीपीएम जीविका अनुराधा चंद्रा समेत जीविका के पदाधिकारी, कर्मी और बड़ी संख्या में जीविका दीदियां मौजूद थीं।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह