जेपीयू में चार वर्षीय स्नातक नामांकन की पहली मेधा सूची 22 जून को होगी प्रकाशित
सारण, 20 जून (हि.स.)। जयप्रकाश विश्वविद्यालय में स्नातक सत्र 2026-30 के लिए नामांकन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। 17 जून को आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद अब फॉर्म वेरिफिकेशन का काम तेजी से चल रहा है।
छात्र कल्याण विभाग के अध्यक्ष डॉ राणा विक्रम सिंह ने बताया कि 21 जून तक वेरिफिकेशन पूरा कर 22 जून की शाम को पहली मेधासूची जारी कर दी जाएगी जिसके आधार पर 23 जून से कॉलेजों में नामांकन शुरू होगा।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष छपरा सीवान और गोपालगंज के कॉलेजों में कला, विज्ञान और वाणिज्य की कुल 48 हजार सीटों के मुकाबले 39 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं। हालांकि कुल आवेदन भले ही कम हों, लेकिन कुछ चुनिंदा विषयों में सीटों से दो से तीन गुना अधिक आवेदन आने के कारण कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी।
वहीं कई विषयों में आसानी से नामांकन मिल जाएगा। इस बार छात्रों को तीन विषयों के विकल्प दिए गए थे, जिससे मेरिट लिस्ट तैयार करने में आसानी होगी। रिक्त सीटों के लिए दूसरी सूची और अंत में स्पॉट एडमिशन का मौका भी मिलेगा।
नामांकन प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए 22 जून को प्राचार्यों की एक बैठक और प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया जाएगा। सारण के प्राचार्यों की बैठक विश्वविद्यालय में होगी, जबकि सीवान और गोपालगंज के प्राचार्यों की बैठक डीएवी कॉलेज सीवान में रखी गई है।
इस बार नामांकन और दस्तावेजों का वेरिफिकेशन 'समर्थ पोर्टल' के माध्यम से पूरी तरह ऑनलाइन मोड में किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार