रमजान नदी में कचरा गिरने से रोकने के लिए नालों के मुहाने पर लगेंगे मेश फिल्टर, डीएम ने दिया निर्देश

 


किशनगंज, 20 नवंबर (हि.स.)। जिले में पर्यावरण संरक्षण, नदी की स्वच्छता और प्रदूषण पर नियंत्रण को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। शुक्रवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

इसमें नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत संचालित नदी स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, वृक्षारोपण एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर समयसीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक में रमजान नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए विशेष निर्देश दिए गए। डीएम ने नदी में गिरने वाली सभी नालियों के निकास स्थलों पर जाली (मेश फिल्टर) लगाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इससे नालियों के माध्यम से बहकर आने वाले प्लास्टिक, ठोस कचरे और अन्य अपशिष्ट को नदी में जाने से रोका जा सकेगा। इसका उद्देश्य नदी के जल को प्रदूषित होने से बचाना है।

नगर परिषद किशनगंज के सहायक लोक स्वच्छता एवं अवशिष्ट प्रबंधक पदाधिकारी को धर्मगंज से सिविल कोर्ट तक सर्विस लेन के किनारे सौंदर्यीकरण एवं वृक्षारोपण का कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया। डीएम ने कहा कि इन कार्यों से संबंधित क्षेत्र की स्वच्छता और सुंदरता में सुधार होगा। बैठक में जैव-चिकित्सीय अपशिष्ट (बायो मेडिकल वेस्ट) के वैज्ञानिक एवं नियमानुसार निस्तारण का मुद्दा भी उठाया गया। जिला परियोजना पदाधिकारी, नमामि गंगे को नियमित निरीक्षण और प्रभावी निगरानी जारी रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

डीएम ने स्पष्ट किया कि पर्यावरण संरक्षण और नदी स्वच्छता से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में अपर समाहर्ता विभागीय जांच, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह