आतंकी साजिश मामले में कटिहार के नवाबगंज से एक आरोपी गिरफ्तार

 

कटिहार, 18 अप्रैल (हि. स.)। सोशल मीडिया पर वायरल ‘कटिहार में आतंकी साजिश के आरोप में दो गिरफ्तार’ के मैसेज को लेकर पुलिस ने स्थिति साफ की है। जिले के मनिहारी थाना क्षेत्र के नवाबगंज निवासी मोहम्मद सोहेल को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आतंकी साजिश से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10-11 अप्रैल को दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की टीम मनिहारी थाना क्षेत्र के नवाबगंज बालू टोला पहुंची थी। टीम ने मोहम्मद मुमताज के पुत्र मोहम्मद सोहेल से पूछताछ की। सोहेल दिल्ली में मजदूरी और प्लंबर का काम करता था।

जांच में सामने आया कि सोहेल मोबाइल से किसी नेटवर्किंग के जरिए आतंकी साजिश या उस तरह के संगठन बनाने में संलिप्त पाया गया। दिल्ली पुलिस ने उसे नोटिस देकर पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया था। उसके पास से मोबाइल बरामद किया गया, जिसमें पहले के सभी मैसेज डिलीट मिले। पुलिस मोबाइल भी साथ ले गई थी।

जांच के बाद संलिप्तता पाए जाने पर बीते 17 अप्रैल को दिल्ली में सोहेल को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल में कांड संख्या 84/26, दिनांक 2 अप्रैल 2026, धारा 61/113(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है।

इस मामले में कई अन्य राज्यों के युवक भी गिरफ्तार किए गए हैं। जानकारी के मुताबिक सोहेल के पिता भी पहले प्लंबर का काम करते थे और वर्तमान में मनिहारी में सब्जी बेचते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह