बड़हरिया में मंदिर चोरी का 12 घंटे में खुलासा, अष्टधातु की मूर्ति, नाग व घंटा बरामद; एक गिरफ्तार
सीवान, 29 जून (हि.स.)। बड़हरिया थाना क्षेत्र के पकवलिया गांव स्थित शिव मंदिर से चोरी हुई अष्टधातु की हनुमानजी की मूर्ति, शिवजी का नाग और मंदिर का घंटा पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने सोमवार को बताया कि 28 जून को पकवलिया स्थित शिव मंदिर से अष्टधातु की हनुमानजी की मूर्ति, शिवजी का अष्टधातु का नाग और मंदिर का घंटा चोरी होने की सूचना मिली थी।
सूचना मिलते ही बड़हरिया थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 334(2) एवं 303(2) के तहत कांड दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि एक व्यक्ति मंदिर से चोरी की गई सामग्री बेचने के उद्देश्य से कबाड़ी की दुकान पर पहुंचा है।
सूचना मिलते ही बड़हरिया थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपी के पास से चोरी की गई अष्टधातु की हनुमानजी की मूर्ति, शिवजी का नाग तथा मंदिर का घंटा बरामद कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान धनेश्वर महतो उर्फ धन्नु (36 वर्ष), पिता खंचाजी महतो, निवासी चैनछपरा, थाना बड़हरिया, जिला सीवान के रूप में हुई है।
एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि वह अकेले वारदात में शामिल था या उसके साथ अन्य लोग भी थे। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस सफल कार्रवाई में बड़हरिया थानाध्यक्ष छोटन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक कुंदन कुमार तिवारी, परिचारी पुलिस अवर निरीक्षक अमित कुमार शर्मा तथा चौकीदार अताउर्रहमान खान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसपी ने कहा कि मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर पुलिस विशेष सतर्क है। संवेदनशील स्थलों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है तथा सीसीटीवी व्यवस्था और नियमित गश्त को और प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma