तेघरिया के पास ट्रेन की चपेट में आए किशोर की मौत, जांच में जुटी रेलवे पुलिस
किशनगंज, 03 जुलाई (हि.स.)। किशनगंज रेलवे स्टेशन से करीब एक किलोमीटर दूर तेघरिया के समीप ट्रेन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल एक किशोर की सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों में मातम छा गया। मृतक की पहचान दिघलबैंक प्रखंड के मंगूरा गांव निवासी 14 वर्षीय सूरज कुमार सिन्हा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार हादसे के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची तथा गंभीर रूप से घायल किशोर को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
आरपीएफ इंस्पेक्टर हृदेश कुमार ने बताया कि घटना तेघरिया के पास रेलवे ट्रैक पर हुई। मालगाड़ी के चालक के अनुसार किशोर ने चलती ट्रेन के इंजन के सामने छलांग लगा दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
किशोर की मौत की सूचना मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
आरपीएफ ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला दुर्घटना का है या आत्महत्या का। फिलहाल रेलवे पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। रेलवे प्रशासन ने लोगों से रेलवे ट्रैक के आसपास सतर्क रहने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह