छपरा में डंपर की चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोर की मौत
सारण, 21 जून (हि.स.)। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बिचली बधार गांव के समीप एक सड़क दुर्घटना में 16 वर्षीय युवक की डंपर से कुचलकर मौत हो गई। मृतक की पहचान जमुना मूसेहरी गांव निवासी अर्जुन राय के पुत्र गोलू कुमार के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार गोलू खुदाईबाग में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। देर रात वहां से घर लौटने के दौरान वह बिचली बधार गांव के पास सड़क किनारे शौच के लिए रुका था। इसी बीच तेज रफ्तार से आ रहे एक अनियंत्रित डंपर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इस दुघर्टना के बाद से परिवार में कोहराम मच गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार