मेले से लौटे 16 वर्षीय किशोर की संदिग्ध मौत, परिजन ने लगाया मारपीट का आरोप

 


सुपौल, 18 सितंबर (हि.स.)। जिले के किशनपुर प्रखंड क्षेत्र की नौआबाखर पंचायत के भेलवा गांव में शुक्रवार को 16 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मृतक भेलवा वार्ड नंबर 11 निवासी आनंदलाल शर्मा के पुत्र आशीष कुमार है।

परिजन के अनुसार, आशीष गुरुवार देर शाम विश्वकर्मा मेला देखने के लिए घर से निकला था। रात करीब आठ बजे कुशहा वार्ड नंबर छह निवासी सोमी शर्मा की पत्नी ने परिजन को फोन कर बताया कि आशीष उनके मकान की छत पर बेहोशी की हालत में पड़ा है। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। परिजन के मुताबिक आशीष छत पर पड़ा था और पेट पर हाथ रखने पर सांस चलने का एहसास नहीं हो रहा था। हालांकि, वहां मौजूद ग्रामीणों ने उसके जीवित होने की बात कही। इसके बाद परिजन और ग्रामीण उसे इलाज के लिए सुपौल ले जाने लगे। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के परिजनों ने गांव के ही कुछ युवकों पर आशीष के साथ मारपीट करने और इसी वजह से उसकी मौत होने का आरोप लगाया है। मौके पर मौजूद कुछ ग्रामीणों ने भी शव पर चोट के निशान होने की बात कही। हालांकि, किशोर की मौत किस कारण से हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

किशनपुर थानाध्यक्ष ज्ञानरंजन कुमार ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र