राजकीय सम्मान के साथ दरोगा रविचरण राम को दी गई अंतिम विदाई

 






सीवान, 27 मई (हि.स.)। सीवान जिला में पदस्थापित प्रा.अ.नि. रवि चरण राम के ड्यूटी के दौरान असामयिक निधन पर बुधवार को पुलिस केंद्र सीवान एवं उनके पैतृक महाराजगंज थाने के महुआरी गांव में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस दौरान पुलिस उप-महानिरीक्षक, सारण, नीलेश कुमार, जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय एवं पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा सहित अन्य अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीद को नमन किया तथा उनके सर्वोच्च बलिदान को विनम्र श्रद्धा से स्मरण किया।

26 मई 2026 को उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिला अंतर्गत लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई थी। इस दुर्घटना में ड्यूटी पर तैनात प्रा.अ.नि. रविचरण राम का असामयिक निधन हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित अधिकारियों एवं पुलिस जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

अधिकारियों ने कहा कि शहीद रविचरण राम की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं सेवा भावना हमेशा पुलिस विभाग के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। पैतृक गांव महुआरी में भी ग्रामीणों एवं परिजनों की आंखें नम दिखीं। पूरे राजकीय सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma