सुपौल में टीबी मुक्त भारत अभियान की शुरुआत, पहले दिन 580 लोगों की हुई जांच, एक भी मरीज नहीं मिला

 


सुपौल, 05 जुलाई (हि.स.)।

जिले में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग ने वीरपुर अनुमंडल और बसंतपुर प्रखंड में बड़े स्तर पर विशेष स्क्रीनिंग अभियान की शुरुआत की है।

अभियान के पहले ही दिन 580 लोगों की जांच की गई। राहत की बात यह रही कि जांच में एक भी व्यक्ति टीबी संक्रमित नहीं पाया गया।स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, यह विशेष अभियान पूरे जुलाई महीने तक चलाया जाएगा।

इसका मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों की समय रहते स्क्रीनिंग कर संभावित टीबी मरीजों की पहचान करना और उन्हें तत्काल उपचार उपलब्ध कराना है, ताकि बीमारी के प्रसार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर शनिवार से पूरे बिहार में टीबी मुक्त भारत अभियान की शुरुआत हुई है, जो 31 जुलाई तक जारी रहेगा।

अभियान के दौरान स्वास्थ्यकर्मी घर-घर पहुंचकर लोगों की स्वास्थ्य जांच करेंगे तथा टीबी के लक्षण वाले लोगों की स्क्रीनिंग और आवश्यक जांच सुनिश्चित करेंगे। साथ ही लोगों को टीबी के प्रति जागरूक कर समय पर जांच और उपचार के लिए प्रेरित किया जाएगा।इससे पहले शुक्रवार को जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी।

बैठक में जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को अभियान को गंभीरता से और प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए थे। जिलाधिकारी ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए स्वास्थ्य विभाग, आशा कार्यकर्ताओं और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।

अभियान के माध्यम से जिले में शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग और समय पर उपचार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र