टीबी की 'हाईटेक' जांच के लिए तैयार सीवान, शुरू होने से पहले ही सिस्टम पर उठे सवाल!

 


सीवान, 30 जून (हि.स.)। देश को टीबी मुक्त भारत बनाने की दिशा में एक नई और अत्याधुनिक पहल की शुरुआत सीवान से होने जा रही है।

बिहार में केवल आईजीआईएमएस, पटना और सीवान सदर अस्पताल को आरटी-पीसीआर आधारित टीबी जांच की पायलट परियोजना के लिए चुना गया है।

इस तकनीक के जरिए ऐसे लोगों में भी टीबी संक्रमण का पता लगाया जा सकेगा, जिनमें अभी बीमारी के कोई लक्षण दिखाई नहीं दे रहे हैं। हालांकि, परियोजना शुरू होने से पहले ही सदर अस्पताल की आरटी-पीसीआर लैब से जुड़े एक फैसले ने स्वास्थ्य महकमे में नई बहस छेड़ दी है।

16 अप्रैल को नई दिल्ली स्थित सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल की चार सदस्यीय विशेषज्ञ टीम ने सदर अस्पताल की आरटी-पीसीआर लैब का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के बाद लैब को इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए उपयुक्त घोषित किया गया।

इस परियोजना के तहत क्वांटिप्लस एमटीबी फास्ट डिटेक्शन किट से संभावित मरीजों के स्पुटम की आरटी-पीसीआर जांच होगी। इस तकनीक की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह बिना लक्षण वाले संक्रमित व्यक्तियों की भी शुरुआती चरण में पहचान करने में सक्षम मानी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने जांच किट उपलब्ध करा दी है, जबकि स्क्रीनिंग के लिए दो अल्ट्रा-पोर्टेबल हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीनें भी सदर अस्पताल को मिल चुकी हैं।

आरटी-पीसीआर लैब में कार्यरत कर्मियों का 2 जुलाई को विशेष प्रशिक्षण होगा। परियोजना में सहयोगी संस्था विलियम जे. क्लिंटन फाउंडेशन अतिरिक्त तकनीकी विशेषज्ञ और संसाधन उपलब्ध कराएगी। सीडीओ डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और करीब 10 दिनों के भीतर जांच शुरू होने की उम्मीद है।

इसी बीच एक ऐसा प्रशासनिक निर्णय सामने आया है, जिसने पूरे स्वास्थ्य महकमे में चर्चा छेड़ दी है। कोरोना काल से आरटी-पीसीआर लैब का संचालन संभाल रहे लैब टेक्नीशियन प्रदीप कुमार का ठीक उसी समय आईसीयू में स्थानांतरण कर दिया गया है, जब इसी लैब में टीबी जांच शुरू होने वाली है।

सिविल सर्जन डॉक्टर श्रीनिवास प्रसाद ने बताया कि अभी सदर अस्पताल में आईसीयू को शुरू करना बहुत जरूरी था। जब आरटी पीसीआर लैब में टीवी की जांच शुरू होगी उन्हें वापस भेज दिया जाएगा। उसे स्थिति में आईसीयू के लिए सदर अस्पताल के लैब से एलटी की मदद ली जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma