टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत छात्राओं की स्वास्थ्य जांच, जागरूकता पर दिया गया जोर

 




सुपौल, 24 जुलाई (हि.स.)। बी.बी. बालिका उच्च माध्यमिक (+2) विद्यालय में शुक्रवार को टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत दो दिवसीय स्वास्थ्य जांच एवं स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यालय की छात्राओं का निःशुल्क टीबी स्क्रीनिंग तथा सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

विद्यालय के विशिष्ट शिक्षक डॉ. रणधीर कुमार राणा ने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य देश से तपेदिक (टीबी) रोग का उन्मूलन करना है।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत टीबी रोगियों की शीघ्र पहचान, निःशुल्क एवं पूर्ण उपचार, संक्रमण और मृत्यु दर में कमी लाने के साथ-साथ जनजागरूकता बढ़ाने तथा कुपोषण से लड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

डॉ. राणा ने छात्राओं को बताया कि 'निक्षय' पोर्टल के माध्यम से टीबी मरीजों का पंजीकरण और निगरानी की जाती है। वहीं निक्षय पोषण योजना के तहत मरीजों को उपचार अवधि में पोषण सहायता के लिए आर्थिक सहयोग दिया जाता है। उन्होंने निक्षय मित्र पहल की भी जानकारी दी, जिसके तहत व्यक्ति, संस्थाएं और संगठन टीबी मरीजों को पोषण एवं अन्य आवश्यक सहयोग प्रदान कर सकते हैं।

कार्यक्रम विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक गोपाल चौधरी एवं विशिष्ट शिक्षक डॉ. रणधीर कुमार राणा की देखरेख में आयोजित किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम में चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संध्या नोमा, फार्मासिस्ट रणजीत कुमार रमण तथा एएनएम डोली कुमारी ने छात्राओं की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं टीबी स्क्रीनिंग की।शिविर में विद्यालय की बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र