पीएम मोदी के पिता पर खड़गे की अमर्यादित टिप्पणी कांग्रेस के वैचारिक दिवालियापन का प्रमाण: तारकिशोर प्रसाद
कटिहार, 26 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता पर की गई अभद्र टिप्पणी पर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पटना के बापू सभागार में बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में खड़गे द्वारा दिया गया यह बयान कांग्रेस की कुत्सित सोच और घोर वैचारिक दिवालियापन का प्रत्यक्ष परिचायक है।
संसद और सड़क पर संवैधानिक मर्यादाओं का हनन कर रही कांग्रेस
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे लगातार देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री पर असंसदीय व अशोभनीय टिप्पणियां करते आ रहे हैं। कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की यह प्रवृत्ति बन चुकी है कि वे संसद के अंदर और बाहर संवैधानिक मर्यादाओं का खुला उल्लंघन करते हैं। अजीबोगरीब हरकतों और अमर्यादित बयानों के जरिए कांग्रेस देश के करोड़ों नागरिकों की आस्था के केंद्र संसद का अपमान कर रही है, जो सीधे तौर पर लोकतंत्र के स्तंभों और संविधान पर प्रहार है।
अविलंब देश से माफी मांगें खड़गे
तारकिशोर प्रसाद ने मांग की कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे अपने इस आपत्तिजनक बयान के लिए अविलंब पूरे देश से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और स्तरहीन बयानबाजी पर तत्काल रोक लगाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन सार्वजनिक मंचों से परिवार और मर्यादाओं को लांघकर की जाने वाली ऐसी ओछी राजनीति को देश की जनता कतई स्वीकार नहीं करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह