सारण में एक माह के अंदर 49,455 राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य

 




सारण, 14 जुलाई (हि.स.)।

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आपूर्ति शाखा के जिला से लेकर प्रखंड स्तर तक के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

इस बैठक में अपर समाहर्ता-सह-जिला आपूर्ति पदाधिकारी सहित जिले के तीनों अनुमंडलों के अनुमंडल पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में जिलाधिकारी ने जिले में राशन कार्ड निर्माण की गति तेज करने के लिए सख्त निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को प्रतिदिन 1648 राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य दिया, ताकि आगामी 13 अगस्त 2026 तक कुल 49,455 राशन कार्ड तैयार किए जा सकें।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला कल्याण पदाधिकारी से राशन कार्ड से वंचित लोगों की सूची प्राप्त कर, विकास मित्र के माध्यम से महादलित टोलों और अन्य छूटे हुए पात्र लाभुकों से तत्काल आवेदन कराए जाएं।

वंचितों को लाभ दिलाने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों मुखिया, वार्ड सदस्य, पंच-सरपंच, पंचायत समिति व जिला परिषद सदस्यों के साथ बैठक कर सूची तैयार करने और माईकिंग द्वारा व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया गया है।

प्रखंड विकास पदाधिकारी को इसकी जांच के लिए पंचायतवार नोडल पदाधिकारी नामित करने को कहा गया है। इस जांच टीम में पंचायत सचिव, विकास मित्र, पंचायत रोजगार सेवक, आवास सहायक, आवास पर्यवेक्षक और मनरेगा के तकनीकी सहायक शामिल रहेंगे, जो पारदर्शिता के साथ जांच पूरी करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार