सारण के सभी पंचायत में प्रतिदिन 15 राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य

 




सारण, 21 जुलाई (हि.स.)। जिले में आगामी 13 अगस्त तक 50 हजार नए राशन कार्ड बनाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। बिहार के मुख्य सचिव द्वारा दिए गए निर्देशों के बाद जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक की।

जिलाधिकारी ने बताया कि यदि जिले की 318 पंचायतों में प्रतिदिन औसतन 15 राशन कार्ड बनाए जाएं, तो समय पर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।इसके लिए पंचायत स्तरीय कर्मियों जैसे विकास मित्र, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक और आवास सहायकों को घर-घर जाकर योग्य और छूटे हुए लाभुकों से आवेदन भरवाने का जिम्मा सौंपा गया है।

पंचायत स्तर पर सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक आवेदन भरे जाएंगे, जिनकी जांच प्रखंड स्तरीय अधिकारी उसी दिन या अगले दिन पूरी करेंगे। आवेदनों की प्रविष्टि गूगल डॉक और ऑफलाइन रजिस्टर में रोजाना दर्ज की जाएगी।

26 जुलाई को महापंचायत दिवस पर आरटीपीएस काउंटरों के जरिए अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त करने का निर्देश दिया गया है। महादलित टोलों और पात्र परिवारों को जोड़ने के लिए जीविका दीदी, आंगनबाड़ी सेविका और स्कूली बच्चों की मदद से व्यापक मोबिलाइजेशन किया जाएगा। मॉनिटरिंग के लिए प्रखंड और अनुमंडल स्तर पर नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार