तारडीह में प्रमुख और उपप्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की मांग
दरभंगा, 07 अप्रैल (हि.स.)। दरभंगा जिले के तारडीह प्रखंड की पंचायत समिति में प्रमुख और उपप्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पंचायत समिति के कई सदस्यों ने मंगलवार को प्रमुख श्यामा देवी और उपप्रमुख सिद्धार्थ शंकर के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाने की प्रक्रिया शुरू करते हुए विशेष बैठक बुलाने की मांग की है।
समिति सदस्यों द्वारा प्रमुख को दिए गए आवेदन में कहा गया है कि वे दोनों के कार्यों से असंतुष्ट हैं और उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा तथा मत विभाजन के लिए पंचायत समिति की विशेष बैठक जल्द बुलायी जाए। सदस्यों ने पंचायत राज अधिनियम के नियमों के तहत बैठक की तिथि और समय निर्धारित करने का अनुरोध किया है।
आवेदन में प्रमुख और उपप्रमुख पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। सदस्यों का कहना है कि पंचायत समिति की सामान्य बैठकों और उपस्थिति से जुड़ी बैठकों का समय पर आयोजन नहीं किया गया। इसके अलावा योजनाओं के चयन और क्रियान्वयन में सभी क्षेत्रों के साथ समान व्यवहार नहीं किया गया।
सदस्यों ने यह भी आरोप लगाया है कि 15वीं वित्त आयोग और राज्य वित्त आयोग से प्राप्त राशि के खर्च में मनमानी की गई और अधिकतर राशि प्रमुख तथा उपप्रमुख के क्षेत्रों में खर्च की गई, जबकि अन्य पंचायतों की उपेक्षा की गई।
इसके साथ ही उपप्रमुख पर सामाजिक न्याय समिति की बैठक समय पर नहीं बुलाने का आरोप लगाया गया है। आवेदन में यह भी कहा गया है कि कई बार योजना की अनुशंसा के नाम पर समिति सदस्यों से सादे कागज पर हस्ताक्षर कराकर मनमाने तरीके से योजनाओं का चयन किया गया।
पंचायत समिति के सदस्यों ने अब इस पूरे मामले में विशेष बैठक बुलाकर अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा और मतदान कराने की मांग की है, जिससे पंचायत समिति में आगे की स्थिति स्पष्ट हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra