पटना स्थित बांकीपुर बस स्टैंड की भूमि पर बनेगा लग्जरी ताज होटल

 


पटना, 05 मार्च (हि.स.)।

राज्य में पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद की उपस्थिति में आज पर्यटन विभाग/बिहार स्टेट टूरिज्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीएसटीडीसीएल) ने सारगा होटल प्रालि. के साथ बांकीपुर बस स्टैंड की भूमि पर 5-सितारा लग्जरी ताज होटल के संचालन के लिए समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किया ।

यह समझौता सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत हुआ है। समझौते के मुताबिक द इंडियन होटल समूह द्वारा इस फाइव स्टार ताज होटल का निर्माण किया जाएगा। इस अवसर पर मंत्री ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि राज्य के लोगों की बड़ी अपेक्षा है कि पर्यटकों और व्यवसायियों को यहां बेहतर आवासन में किसी परेशानी का सामना नही करना पड़े। पटना जैसे शहर में फाइव स्टार होटल की बहुत आवश्यकता है, इसे ध्यान में रखते हुए सरकार राजधानी में तीन फाइव स्टार होटल का निर्माण करवाने जा रही है।

उन्होंने कहा कि पटना में पूर्व से एक फाइव स्टार होटल का निर्माण शुरू हो चुका है, दूसरे के लिए आज समझौता पत्र पर हस्ताक्षर हुए हैं । आज औपचारिकताएं पूरी हो गयी है, अब तय समय सीमा के अंदर यहां ताज होटल का निर्माण पूरा किया जाए और तीसरे फाइव स्टार होटल के लिए भी प्रक्रिया चल रही है।

मौके पर बिहार स्टेट टूरिज्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक नंदकिशोर ने इस अवसर पर जानकारी देते हुए बताया कि तकनिकी रूप से सफल निविदादाता के रूप में सारगा होटल प्रा लि का चयन किया गया है, जिनके द्वारा वार्षिक लाइसेंस प्रीमियम रु 18.60 करोड़ और जीएसटी समर्पित किया गया है। उपरोक्त भूमि पर 500 कमरों का द ताज होटल विकसित किया जायेगा।

प्रस्तावित पांच सितारा होटल में प्रथम फेज में 350 कमरे एवं द्वितीय फेज में 150 कमरों का निर्माण किया जाना है। चयनित एजेंसी के द्वारा 04 वर्षों के अंदर प्रथम फेज का निर्माण पूर्ण कर जनवरी 2030 में द ताज फाइव स्टार होटल का संचालन प्रारंभ करना सुनिश्चित किया जायेगा।

द ताज होटल के सीनियर वाइस प्रसिडेंट के मोहनचंद्रन द्वारा बताया गया कि बांकीपुर, पटना में विकसित किया जा रहा ताज होटल पूरे भारत में संचालित हो रहे ताज होटलों में एक बेहतरीन संस्करण होगा। वहीं सागरा होटल प्रा. लि. के निदेशक नित्यानन्द सोनथालिया द्वारा बताया गया कि निर्धारित समय में पटनावासियो के लिए बेहतरीन पांच सितारा होटल का निर्माण कराया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी