स्वतंत्रता दिवस को लेकर बक्सर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, रेलवे स्टेशन से लेकर प्रमुख चौक-चौराहों तक सघन जांच

 


बक्सर, 14 अगस्त (हि.स.)।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बक्सर में शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। शहर में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना अथवा समारोह के दौरान व्यवधान उत्पन्न न हो, इसके लिए रेलवे स्टेशन समेत प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस की ओर से लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

बक्सर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को विशेष रूप से मजबूत किया गया है। स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस द्वारा लगातार जांच की जा रही है। आने-जाने वाले यात्रियों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर भी पुलिस टीमों द्वारा जांच एवं गश्ती अभियान चलाया जा रहा है, ताकि स्वतंत्रता दिवस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

इधर, स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर शहर की यातायात व्यवस्था में भी व्यापक बदलाव किया गया है। पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी निर्देश के अनुसार 15 अगस्त को सुबह चार बजे से दोपहर 12 बजे तक बक्सर शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के आवागमन को नियंत्रित किया जाएगा। थाना चौक से नाथ बाबा पुल की ओर वाहनों के प्रवेश पर रोक अथवा आंशिक प्रतिबंध रहेगा।

चारपहिया वाहनों, ई-रिक्शा, ऑटो रिक्शा और बसों के लिए वैकल्पिक रूट निर्धारित किए गए हैं। गोलंबर, बाइपास, ज्योति चौक, आईटीआई रोड, मठिया मोड़, दानी कुटिया, अंबेडकर चौक, स्टेशन, पांडेय पट्टी गुमटी, डीएवी मोड़ और इटाढ़ी रोड सहित विभिन्न मार्गों पर यातायात को निर्धारित रूट के अनुसार संचालित किया जाएगा। 15 अगस्त को सुबह चार बजे से रात 10 बजे तक सभी बड़े वाहनों के बक्सर शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी। पार्किंग के लिए किला मैदान के उत्तरी हिस्से, सरकारी वाहनों के लिए किला मैदान के पश्चिमी हिस्से, बाजार समिति तथा सिंडिकेट के पास व्यवस्था की गई है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे स्वतंत्रता दिवस के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में सहयोग करें। अनावश्यक रूप से चारपहिया वाहनों का प्रयोग न करें तथा किसी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। रोगी, एंबुलेंस एवं आवश्यक सेवाओं वाले वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी गई है। रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों से अपना रेल टिकट साथ रखने की अपील की गई है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस समारोह को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra