सीएचओ-पीएसपी गठन को लेकर सिमरी सीएचसी में प्रशिक्षण, फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को मिलेगा बल
बक्सर, 31 जुलाई (हि.स.)। जिले के सिमरी प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिमरी में शुक्रवार को सीएचओ-पीएसपी (कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर–पीयर सपोर्ट प्लेटफॉर्म) के गठन को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रेम चंद प्रसाद ने की। प्रशिक्षण का संचालन सिफार (CIFAR) के जिला प्रतिनिधि विजय शंकर ने किया।
प्रशिक्षण में स्वास्थ्य प्रबंधक रविरंजन सिन्हा, बीसीएम तस्लीमुद्दीन, 13 कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ), 42 एएनएम सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डॉ. प्रेम चंद प्रसाद ने कहा कि 1 से 7 अगस्त तक विश्व स्तनपान सप्ताह मनाया जाएगा। उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों से अपील की कि वे समुदाय में नवजात शिशुओं के लिए स्तनपान के महत्व और उसके स्वास्थ्य लाभों के प्रति व्यापक जनजागरूकता फैलाएं, ताकि यह अभियान सफल हो सके।
उन्होंने कहा कि सीएचओ-पीएसपी समूह के गठन से राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को और अधिक मजबूती मिलेगी। समूह के सदस्य समुदाय में जागरूकता बढ़ाने, रोगियों की पहचान करने तथा उपचार एवं देखभाल संबंधी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
प्रशिक्षण के दौरान सिफार के जिला प्रतिनिधि विजय शंकर ने सीएचओ-पीएसपी की भूमिका, जिम्मेदारियों और कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस मंच का उद्देश्य स्वास्थ्यकर्मियों के बीच समन्वय स्थापित कर फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को गति देना है।
प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को फाइलेरिया, कालाजार और डेंगू जैसी बीमारियों के कारण, लक्षण, बचाव, जांच एवं उपचार संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही फाइलेरिया से प्रभावित मरीजों के लिए एमएमडीपी (मॉर्बिडिटी मैनेजमेंट एंड डिसेबिलिटी प्रिवेंशन), नियमित व्यायाम, सेल्फ केयर तथा संक्रमण से बचाव के उपायों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
प्रशिक्षकों ने स्वास्थ्यकर्मियों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को इन बीमारियों के प्रति जागरूक करें तथा संदिग्ध मरीजों की समय पर पहचान कर उन्हें सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में जांच एवं उपचार के लिए प्रेरित करें। प्रशिक्षण के अंत में सभी प्रतिभागियों ने जनस्वास्थ्य अभियानों को प्रभावी ढंग से सफल बनाने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra