आयुष्मान आरोग्य मंदिर हरपुर में रोगी हितधारक मंच की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर हुई चर्चा
बक्सर, 14 अगस्त (हि.स.)। इटाढ़ी प्रखंड के आयुष्मान आरोग्य मंदिर, हरपुर में शुक्रवार को रोगी हितधारक मंच की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता स्थानीय हितधारक सदस्य सह वार्ड पार्षद अनीता देवी ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध सेवाओं की समीक्षा, रोगियों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी लेना तथा स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं जनहितकारी बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर सुझाव प्राप्त करना था।
बैठक में स्थानीय हितधारकों, जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं रोगी हित से जुड़े सदस्यों ने भाग लिया। बैठक के दौरान आयुष्मान आरोग्य मंदिर में उपलब्ध ओपीडी सेवा, सामान्य रोगों के उपचार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार नियोजन, गैर-संचारी रोगों की जांच, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता और स्वास्थ्य परामर्श सहित विभिन्न सेवाओं की समीक्षा की गई।
अध्यक्ष अनीता देवी ने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर ग्रामीण एवं स्थानीय समुदाय के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां आने वाले प्रत्येक रोगी को सम्मानजनक व्यवहार, समय पर स्वास्थ्य सुविधा, आवश्यक जांच, उचित परामर्श और दवा उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र और स्थानीय समुदाय के बीच बेहतर समन्वय से ही सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है।
बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को विशेष प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, आवश्यक परामर्श, टीकाकरण, पोषण संबंधी जानकारी तथा संस्थागत प्रसव के लिए जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई गई।
आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी सेवाओं और स्वास्थ्य केंद्र के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी चर्चा हुई, ताकि गर्भवती महिलाओं एवं नवजात बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी हो सके। वहीं, बच्चों के नियमित टीकाकरण और पोषण की स्थिति पर समुदाय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने की बात कही गई। ग्रामीणों को छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए दूर नहीं जाना पड़े और उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ही प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक परामर्श मिल सके, इस दिशा में भी आवश्यक पहल पर चर्चा हुई।
बैठक में उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह जैसे गैर-संचारी रोगों की नियमित जांच और समय पर उपचार के महत्व पर भी विचार-विमर्श किया गया। सदस्यों ने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच से गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान की जा सकती है। लोगों को नियमित रूप से आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक करने पर जोर दिया गया।
बैठक के अंत में रोगी हित को केंद्र में रखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा स्थानीय लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर सहमति बनी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra