निक्षय दिवस के अवसर पर टीबी जांच के साथ जगायी गयी जागरूकता की अलख
बक्सर,16 जुलाई (हि.स.)। स्वास्थ्य समिति यक्ष्मा (टीबी) उन्मूलन को लेकर जिला सहित पूरे राज्य के स्वास्थ्य केंद्रों पर गुरुवार को निक्षय दिवस संचालित किया गया । इसी क्रम में जिला के अलग-अलग प्रखंडों के आयुष्मान आरोग्य मंदिर में लोगों की टीबी संक्रमण की जांच की गयी। डुमरांव प्रखंड के धरहरा आयुष्मान आरोग्य मंदिर में सीएचओ सुरेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में और एएनएम और आशा कार्यकर्ता के साथ समुदाय के 40 लोगो की टीबी की जांच की गई.
स्क्रीनिंग के साथ टीबी की बीमारी कैसे होती है, कौन कौन से कारण और लक्षण होते है और इनसे बचाव के क्या तरीके हैं, इसकी विस्तार से जानकारी दी गयी।
इसी क्रम में जिला के इटाढ़ी प्रखंड अंतर्गत महिला आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर सीएचओ-पीएसपी की सहभागिता से सीएचओ सुनील कुमार मैथयुज की अध्यक्षता में आए हुए समुदाय के 41 लोगों की टीबी की जांच की गयी. इस अवसर पर सीएचओ-पीएसपी सदस्य एएनएम पुष्प लाता कुमारी आशा फैसिलिटेटर डेजी देवी भी उपस्थित रहीं.
कार्यक्रम के अंत में सीएचओ ने उपस्थित लोगों से अपील की कि यदि किसी को दो सप्ताह से अधिक समय से खांसी है, तो वे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर मुफ्त जांच कराएं. उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही हम समाज को टीबी मुक्त बना सकते हैं.
गौरतलब है कि सरकार द्वारा टीबी के इलाज और जांच की पूरी व्यवस्था मुफ्त में की गई है। इसके साथ ही निक्षय पोषण योजना के तहत मरीजों को वित्तीय सहायता भी दी जा रही है ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra