स्वदेशी विचार गोष्ठी: आर्थिक आत्मनिर्भरता से ही राष्ट्र होगा सशक्त : दिलीप निराला
भागलपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। स्वदेशी जागरण मंच, भागलपुर इकाई की ओर से श्रद्धेय दत्तोपंत ठेंगड़ी की जयंती के अवसर पर मंगलवार को स्थानीय श्री श्री गौशाला परिसर में “आर्थिक राष्ट्रवाद एवं आत्मनिर्भर भारत” विषय पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दत्तोपंत ठेंगड़ी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। गोष्ठी को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए मंच के पूर्व प्रांत संयोजक दिलीप निराला ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की वास्तविक मजबूती के लिए राजनीतिक स्वतंत्रता के साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत को केवल एक बड़े उपभोक्ता बाजार के बजाय उत्पादन, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी बनना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वदेशी किसी के विरोध का नहीं, बल्कि अपने देश की क्षमता, प्रतिभा और संसाधनों पर विश्वास का विचार है। विकास का वास्तविक उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति का कल्याण होना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेश लाल ने राष्ट्र की आर्थिक उन्नति में संगठित श्रमिक शक्ति के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था की मजबूती में श्रमिकों की भूमिका अहम है और विकास की प्रक्रिया में उनके सम्मान व सामाजिक सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए। इससे पूर्व, स्वागत भाषण में जिला संयोजक रंजीत कुमार राय ने कहा कि आर्थिक राष्ट्रवाद का अर्थ केवल विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार नहीं, बल्कि नीतियों और उत्पादन में राष्ट्रीय हितों को प्राथमिकता देना है।
उन्होंने भागलपुर के प्रसिद्ध रेशम उद्योग और स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित कर जिले की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर बल दिया तथा स्वदेशी को दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का मंच संचालन जिला सहसंयोजक डॉ. सुभांकर सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन एवं समापन भाषण विभाग संयोजक निर्दोष कुमार मिश्रा ने दिया। उन्होंने आर्थिक राष्ट्रवाद को जन-आंदोलन बनाने की आवश्यकता जताई। इस अवसर पर मीडिया प्रमुख इंदु भूषण झा, राजेश टंडन, प्रकाश झा, संजीव चौधरी, चंदन कुमार, रौनक कुमार सिंह, डॉ. कृष्ण बिहारी, डॉ. दीपक कुमार झा, श्रीराम राय, अशोक सिंह, विजय कनौजिया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर