पंचकोशी मेला से पहले व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे विधायक आनंद मिश्रा
बक्सर, 18 नवंबर (हि.स.)।
आगामी पंचकोशी मेला को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को विधायक आनंद मिश्रा ने प्रशासनिक एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ पंचकोशी परिक्रमा मार्ग के विभिन्न तीर्थ स्थलों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत प्रणव चटर्जी महाविद्यालय (पीसी कॉलेज) से हुई। इसके बाद पांडेयपट्टी रेलवे गुमटी से पीसी कॉलेज तक रिहायशी मकानों के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तारों का जायजा लिया गया। विधायक ने इस गंभीर विषय पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके बाद अहिरौली स्थित अहिल्या धाम मंदिर, चरित्रवन स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर, बड़का नुआंव स्थित अंजनी सरोवर समेत पंचकोशी परिक्रमा मार्ग के अन्य प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का निरीक्षण किया गया।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेला शुरू होने से पहले स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा, यातायात, प्रकाश व्यवस्था तथा परिक्रमा मार्गों की मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय सीमा में तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, बीडीओ, सिविल सर्जन, ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता, डीएसपी मुख्यालय एवं औद्योगिक थाना प्रभारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। विधायक ने कहा कि पंचकोशी मेला बक्सर की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra