छठ घाटों का निरीक्षण कर डीएम ने लिया तैयारियों का जायजा, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश
बक्सर, 11 नवंबर (हि.स.)। छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला ने डुमरांव अनुमंडल के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए।
डीएम ने छठिया पोखरा, डुमरांव रेलवे स्टेशन तथा बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर परिसर स्थित छठ घाटों सहित अन्य घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, पहुंच पथ, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व से पहले सभी तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएं। उन्होंने विशेष रूप से खतरनाक एवं गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां बैरिकेडिंग कराने और लाल झंडे लगाने का निर्देश दिया। साथ ही घाटों पर पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई और सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान किसी भी श्रद्धालु को परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और घाटों पर लगातार निगरानी रखें। निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता, अपर समाहर्ता, एसडीएम डुमरांव सहित नगर परिषद डुमरांव एवं नगर पंचायत ब्रह्मपुर के कार्यपालक पदाधिकारी
मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra