गंगा की स्वच्छता को लेकर जिला प्रशासन सख्त, घाटों की नियमित सफाई के निर्देश

 


बक्सर, 18 अगस्त (हि.स.)। जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय में जिला गंगा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत जिले में गंगा नदी और प्रमुख घाटों की स्वच्छता, रख-रखाव, प्रदूषण की रोकथाम तथा जन-जागरूकता से जुड़े कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्रमुख गंगा घाटों पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। घाटों पर कूड़ा-कचरा जमा न हो, इसके लिए प्रभावी व्यवस्था करने के साथ ही लोगों को गंगा में प्लास्टिक, कचरा और अन्य अपशिष्ट नहीं डालने के लिए जागरूक करने पर जोर दिया गया।

बैठक में सीवेज एवं अपशिष्ट प्रबंधन, घाटों की स्वच्छता, गंगा प्रहरी की गतिविधियों तथा गंगा संरक्षण को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई।

डीएम ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए योजनाओं को प्रभावी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि गंगा केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है। इसकी निर्मलता और स्वच्छता बनाए रखना प्रशासन के साथ प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

बैठक में घाटों के नियमित निरीक्षण और गंगा संरक्षण में आमजन की भागीदारी बढ़ाने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं जिला गंगा समिति के सदस्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra