एसटीपीएल-बीटीपीपी में स्वच्छता अभियान का शुभारंभ, अधिकारियों व कर्मचारियों ने लिया संकल्प

 


बक्सर , 17 सितंबर (हि.स.)। स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के तहत एसजेवीएन थर्मल पावर लिमिटेड (एसटीपीएल) एवं बक्सर थर्मल पावर परियोजना (बीटीपीपी), चौसा में विशेष स्वच्छता कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पुलक कुमार मुखोपाध्याय ने किया। इस दौरान परियोजना परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीईओ पुलक कुमार मुखोपाध्याय ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी अभियान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक कार्यशैली और जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना जरूरी है। स्वच्छ एवं व्यवस्थित कार्यस्थल से स्वस्थ वातावरण के साथ अनुशासन, जिम्मेदारी और सकारात्मक कार्य संस्कृति को बढ़ावा मिलता है।

इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने परियोजना परिसर के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता कार्य किया। साथ ही कचरे के उचित निस्तारण, परिसर को स्वच्छ रखने तथा आसपास के वातावरण को प्रदूषणमुक्त बनाए रखने के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

उल्लेखनीय है कि स्वच्छता ही सेवा अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। अभियान के दौरान एसटीपीएल-बीटीपीपी की ओर से स्वच्छता, जागरूकता और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने तथा स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया। आयोजन के माध्यम से स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra