संदिग्ध स्थिति में युवक की मौत, परिजनों के आरोपों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी पुलिस की जांच

 

कटिहार, 02 अगस्त (हि.स.)। कुरसेला थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-31 स्थित कबीर मठ के समीप सड़क किनारे झाड़ी से रविवार की अहले सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान भागलपुर जिले के नवगछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमरा निवासी अरुण झा के पुत्र अंशु कुमार झा के रूप में हुई है, जिनके गले में मिले परिचय पत्र पर उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस का नाम अंकित था।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, कटिहार भेज दिया। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होने के कारण पुलिस हत्या और दुर्घटना समेत सभी पहलुओं से गंभीरता से जांच कर रही है।

रविवार सुबह नदी में मछली पकड़ने जा रहे एक मछुआरे की नजर कबीर मठ के पास झाड़ी में औंधे मुंह पड़े युवक पर पड़ी। पास के एक चरवाहे से जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पलटकर देखा तो युवक की मौत हो चुकी थी, जिसकी शिनाख्त उसके गले में लटके आईडी कार्ड से हुई।

घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए मौत के कारणों को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक के परिजनों द्वारा ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाए जाने की चर्चा है, हालांकि पुलिस या परिजनों की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस परिजनों के संपर्क में है और हर संभावित बिंदु को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह