प्रेम विवाह के 10 दिन बाद युवती की संदिग्ध मौत, फंदे से लटका मिला शव
सुपौल, 29 सितंबर (हि.स.)। जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के गजहर वार्ड संख्या-3 में प्रेम विवाह के करीब 10 दिन बाद एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार सुबह उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान बिट्टू सरदार की पत्नी नेहा कुमारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। परिजनों के अनुसार सोमवार देर रात नेहा और उसके पति बिट्टू के बीच मायके जाने की बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद नेहा अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर पति ने गेट तोड़कर उसे बाहर निकाला। परिजन तत्काल ऑटो से उसे राघोपुर रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद नेहा के गले पर फंदे का निशान मिला। वहीं, उसके बाएं पैर और उंगलियों पर चोट के निशान भी बताए गए हैं। परिजनों के अनुसार अस्पताल से वापस लौटने के दौरान सड़क से गिरने के कारण पैर में चोट लगी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका की सास सबिता देवी ने बताया कि नेहा और बिट्टू ने करीब 10 दिन पहले प्रेम विवाह किया था। सोमवार रात दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद नेहा कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर बाद दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने मंगलवार सुबह बताया कि परिजनों ने युवती द्वारा फंदा लगाने की बात कही है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। पुलिस घटना से जुड़े सभी बिंदुओं की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र