युवक की संदिग्ध मौत से मचा बवाल, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
सुपौल, 07 जून (हि.स.)। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र स्थित तुलापट्टी पंचायत के लालपट्टी गांव में 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है।
मृतक के परिजनों ने स्थानीय पान दुकानदार और उसके सहयोगियों पर मारपीट कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है,जबकि दूसरी ओर कुछ लोग युवक की मौत करंट लगने से होने की बात कह रहे हैं।
घटना को लेकर पुलिस जांच में जुट गई है। मृतक की पहचान लालपट्टी वार्ड संख्या-1 निवासी लालो पंडित के पुत्र सतीश पंडित के रूप में हुई है।
परिजनों के मुताबिक शनिवार की शाम लालपट्टी चौक पर किसी विवाद को लेकर सतीश की पान दुकानदार राजन कुमार और उसके साथ मौजूद कुछ लोगों ने कथित रूप से पिटाई कर दी।आरोप है कि मारपीट में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे एक सिटी रिक्शा पर लिटाया गया, जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
परिवार के लोगों का कहना है कि सतीश पूरी तरह स्वस्थ था और उसके शरीर पर चोट के कई निशान मौजूद हैं। उनका दावा है कि युवक की मौत मारपीट के कारण हुई है।
परिजनों ने करंट लगने से मौत की चर्चा को भ्रामक बताते हुए कहा कि वास्तविक घटना को छिपाने के लिए यह कहानी बाद में सामने लाई गई।घटना की सूचना मिलने पर पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की प्रारंभिक जांच की।
हालांकि मृतक के स्वजनों ने आरोप लगाया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने में अनावश्यक देरी की गई, जिससे मामले को प्रभावित करने की आशंका पैदा हुई।मृतक के परिजनों ने एक और गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि रविवार को स्थानीय स्तर पर पंचायत बुलाई गई,जिसमें कथित रूप से पांच लाख रुपये देकर मामले को सुलझाने का प्रयास किया गया। उनका कहना है कि पंचायत के बाद ही शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि युवक की मौत बिजली के करंट की चपेट में आने से हुई है।
इस संबंध में पिपरा थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं तथा लिखित आवेदन प्राप्त होने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके आधार पर मामले की दिशा स्पष्ट हो सकेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र