2.1 किलोग्राम संदिग्ध अफीम बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
भागलपुर, 21 मई (हि.स.)। भारतीय रेल के माध्यम से मादक पदार्थों की अवैध तस्करी संबंधी विशेष सूचना के आधार पर आरपीएफ सीआईबी मालदा एवं सीडीपीएस मालदा की संयुक्त टीम द्वारा गाड़ी संख्या 15658 डाउन ब्रह्मपुत्र मेल के संबंध में बड़हरवा रेलवे स्टेशन पर विशेष जांच एवं निगरानी अभियान चलाया गया।
ट्रेन के कोच संख्या बी-5 में यात्रियों की जांच के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हित कर रोका गया। गहन जांच के दौरान एक व्यक्ति के पास से दो पैकेटों में छिपाकर रखी गई लगभग 2.1 किलोग्राम संदिग्ध अफीम बरामद की गई। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित अवैध बाजार कीमत लगभग 10,50,000 रुपया आंकी गई है। उक्त आशय की जानकारी गुरुवार को मालदा डीविजन के पीआरओ ने दी।
उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को बरामद मादक पदार्थ के साथ आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपीएस बड़हरवा को सुपुर्द कर दिया गया।
उल्लेखनीय है कि रेल मार्ग के माध्यम से मादक पदार्थों की अवैध तस्करी पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान ऑपरेशन नारकोस चलाया जा रहा है।
इस विशेष अभियान एवं सघन निगरानी के तहत, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) मालदा मंडल ने मनीष कुमार गुप्ता मंडल रेल प्रबंधक मालदा के मार्गदर्शन तथा आशिम कुमार कुल्लू मंडल सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ मालदा के पर्यवेक्षण में बरहरवा रेलवे स्टेशन पर एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर