बाल अधिकार संरक्षण आयोग का औचक निरीक्षण, छात्राओं को भयमुक्त और गुणवत्तापूर्ण माहौल देने पर जोर
भागलपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। बिहार राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य डॉ. सुग्रीव दास ने शुक्रवार को नवगछिया स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। भागलपुर जिले के अपने आधिकारिक भ्रमण के दौरान विद्यालय पहुंचे डॉ. दास ने वहां की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।
उन्होंने साफ तौर पर कहा कि छात्राओं को सुरक्षित, भयमुक्त और उच्च गुणवत्ता वाला शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान आयोग के सदस्य ने विद्यालय की आवासीय व्यवस्था, पठन-पाठन का स्तर, सुरक्षा इंतजाम और स्वच्छता सहित बाल अधिकारों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने मौके पर मौजूद विद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया कि छात्राओं के खान-पान, शुद्ध पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डॉ. दास ने कस्तूरबा विद्यालय की गरिमा के अनुरूप ही माहौल बनाए रखने पर जोर दिया ताकि सभी छात्राएं बिना किसी हिचकिचाहट के अपनी पढ़ाई पूरी कर आगे बढ़ सकें। इस निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक बलराम रजक के साथ जुली कुमारी, साधना कुमारी, प्रीति सागर, लक्ष्मी कुमारी, चिरंजीव कुमार मंडल सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर