ऐतिहासिक ‘औंगारी सूर्य महोत्सव का शुभारंभ
बिहारशरीफ 15 नवंबर (हि.स.)।लोक आस्था के महापर्व कार्तिक छठ के पावन अवसर पर रविवार को ऐतिहासिक एवं पौराणिक तीर्थस्थली औंगारी धाम स्थित लाल सिंह त्यागी के मैदान में कला एवं संस्कृति विभाग के सहयोग से आयोजित ‘औंगारी सूर्य महोत्सव-2026’ का भव्य शुभारंभ किया गया।
महोत्सव का विधिवत उद्घाटन मंत्री, ग्रामीण विकास विभाग, बिहार सरकार के श्रवण कुमार द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।इस गरिमामयी समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में माननीय सांसद कौशलेन्द्र कुमार विधायक, इसलामपुर रुहैल रंजन विधायक कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया तथा पूर्व विधायक चन्द्र सेन उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि औंगारी धाम न केवल नालंदा बल्कि संपूर्ण बिहार की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि सूर्य उपासना के इस महापर्व पर कला एवं संस्कृति विभाग के सहयोग से आयोजित सूर्य महोत्सव हमारी समृद्ध लोक-संस्कृति, कला और सामाजिक समरसता को नई ऊंचाई प्रदान करता है।
समारोह के प्रारंभ में हिलसा अनुमंडल पदाधिकारी ने मुख्य अतिथि मंत्री जनप्रतिनिधियों एवं आगंतुक अतिथियों का स्वागत करते हुए छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा हेतु की गई प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देशानुसार औंगारी धाम मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन हेतु बैरिकेडिंग, एसडीआरएफ व गोताखोरों की तैनाती, 24 घंटे चिकित्सा शिविर, एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन, निर्बाध विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, वाहन पार्किंग तथा सीसीटीवी व ड्रोन के माध्यम से सतत निगरानी सुनिश्चित की गई है।
उद्घाटन के पश्चात कला एवं संस्कृति विभाग के सहयोग से आमंत्रित एवं स्थानीय कलाकारों द्वारा छठ महिमा पर आधारित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, जिसका उपस्थित श्रद्धालुओं ने भरपूर आनंद लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे