महिला आरक्षण विधेयक लोकतांत्रिक इतिहास का मील का पत्थर: भाजपा

 


कटिहार, 29 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष एवं प्राणपुर विधायक निशा सिंह ने महिला आरक्षण विधेयक को महिला सशक्तीकरण और लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बताया है। रविवार को कटिहार जिला अतिथि गृह में उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा महिला आरक्षण एवं परिसीमन से संबंधित विधेयकों को मंजूरी दिया जाना देश के लोकतांत्रिक इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा।

निशा सिंह ने बताया कि इस प्रस्ताव के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है तथा परिसीमन के बाद सीटों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रस्ताव है। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव से महिला आरक्षण को लागू करना है, जिससे महिलाओं के राजनीतिक नेतृत्व को नई मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर कोढ़ा विधायक कविता पासवान ने कहा कि महिला आरक्षण की यह पहल महिलाओं को राजनीति में आगे बढ़ने और निर्णय लेने की प्रक्रिया में प्रभावी भूमिका निभाने का अवसर प्रदान करेगी, जिससे समाज में समानता और सशक्तीकरण को नई दिशा मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह