सहयोग शिविर आयोजित, सरकारी योजनाओं की जानकारी से ग्रामीण हुए जागरूक
भागलपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। जिले के सबौर प्रखंड अंतर्गत रजांदीपुर पंचायत के सामुदायिक भवन में मंगलवार को आमजन की समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सहयोग शिविर का आयोजन किया गय।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। इस दौरान कुल लगभग 150 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके शीघ्र निष्पादन का अधिकारियों ने भरोसा दिलाया। शिविर में अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राकेश कुमार, सिटी डीएसपी-1 अजय कुमार चौधरी, अंचल अधिकारी सबौर सौरभ कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभात रंजन, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राकेश कुमार सहित प्रखंड के कई अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, राजस्व संबंधी सेवाओं, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इस तरह के सहयोग शिविर ग्रामीणों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रहे हैं। इससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ते, बल्कि एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों से सीधे संवाद करने का अवसर मिलता है।
साथ ही आमजन अपने अधिकारों, सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक होते हैं। लोगों ने ऐसे शिविरों के नियमित आयोजन की मांग करते हुए कहा कि इससे प्रशासन और जनता के बीच विश्वास मजबूत होता है तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मदद मिलती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर