बंदरझुला पंचायत में लगा सहयोग शिविर, लाभुकों के बीच बांटे गए प्रमाणपत्र
किशनगंज, 17 नवंबर (हि.स.)। बिहार सरकार की पहल पर मंगलवार को ठाकुरगंज प्रखंड के बंदरझुला पंचायत सरकार भवन में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से पंचायत क्षेत्र के लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं का समाधान किया गया। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच प्रमाणपत्र एवं अन्य जरूरी दस्तावेजों का वितरण किया गया।
शिविर में 12 लाभुकों को बासगीत पर्चा, दो लोगों को जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, चार लाभुकों को जॉब कार्ड तथा सात लोगों को राशन कार्ड प्रदान किया गया। शिविर में बीडीओ, सीओ, बीपीआरओ, बीएओ, चिकित्सा पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पंचायतकर्मी मौजूद रहे। आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी विभागों के अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे। इन काउंटरों पर लोगों से आवेदन प्राप्त किए गए तथा उनकी समस्याओं को सुनकर संबंधित विभाग के माध्यम से समाधान की प्रक्रिया पूरी की गई। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
पंचायत के मुखिया इकरामुल हक ने बताया कि सहयोग शिविर के आयोजन से पंचायत के लोगों को काफी सहूलियत मिली है। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी से लोगों को प्रमाणपत्र एवं सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में मदद मिली। वहीं, शिविर के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जियापोखर थानाध्यक्ष गौतम कुमार पुलिस बल के साथ तैनात रहे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसएसबी के जवानों की भी प्रतिनियुक्ति की गई थी। शिविर को लेकर जिला स्तरीय पदाधिकारी के आगमन की भी चर्चा थी, लेकिन प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने बताया कि अपरिहार्य कारणों से जिला स्तरीय अधिकारी कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। इसके बावजूद प्रखंड एवं पंचायत स्तर के अधिकारियों और कर्मियों ने शिविर में पहुंचकर लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी रखी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह