आपूर्ति पदाधिकारी ने की बैठक, 17 अक्टूबर को सभी पीडीएस दुकानों पर होगा ई-केवाईसी
भागलपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के नाथनगर प्रखंड के ट्राइसम भवन में शुक्रवार को प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अभिजीत कुमार ने विकास मित्रों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य राशन कार्ड धारकों के शत-प्रतिशत ई-केवाईसी कार्य को समय पर पूरा कराना रहा।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अभिजीत कुमार ने बताया कि बिहार सरकार के निर्देशानुसार 17 अक्टूबर को प्रखंड की सभी जन वितरण प्रणाली दुकानें सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक अनिवार्य रूप से खुली रहेंगी। इस विशेष अभियान के तहत छूटे हुए सभी राशन कार्ड लाभुकों का ई-केवाईसी किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन लाभुकों ने अब तक अपना ई-केवाईसी नहीं कराया है, वे शनिवार को अपने पंचायत की किसी भी नजदीकी पीडीएस दुकान पर जाकर ऑफलाइन माध्यम से अपना ई-केवाईसी करवा सकते हैं।
इस कार्य को पूरी तरह सफल बनाने और ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए सभी विकास मित्र फील्ड में रहकर सहयोग करेंगे। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि ई-केवाईसी नहीं कराने वाले लाभुकों को भविष्य में राशन मिलने में परेशानी हो सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर